पलपल इंडिया प्रतिनिधि। एक साथ कुएं से 5 शवों को निकाले जाने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस की टीम भी हैरान रह गई कि आखिर महिला ने अपने बच्चों के संग कुएं में कूद कर जान क्यों दी। पुलिस की टीम सभी एंगल पर जांच कर रही है।
गुजरात के जामनगर जिले के एक गांव में एक महिला ने अपने चार बच्चों के साथ कथित तौर पर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को 32 वर्षीय महिला और उसके 4 बच्चों के शव कुएं में तैरते हुए दिखाई दिए। पुलिस अधिकारी राठौड़ ने कहा कि भानुबेन तोरिया अपने बच्चों ऋत्विक (3), आनंदी (4), अजू (8) और आयुष (10) के साथ कुएं में कूद गई। इसके बाद यह मामला सामने आया।
ध्रोल पुलिस थाने के निरीक्षक एच.आर. राठौड़ ने कहा कि यह घटना ध्रोल तालुका के सुमरा गांव की है। उन्होंने कहा कि शवों को कुएं से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, लेकिन महिला ने यह कदम क्यों उठाया इसके बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस की टीम भी इस मामले को जानकर हैरान है।