इंडिगो फ्लाइट अटेंडेंट पर 5 साल की बच्ची की सोने की चेन चोरी का आरोप

By: PalPal India News
April 5, 2025

मुंबई। इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट अटेंडेंट पर एक पांच साल की बच्ची की सोने की चेन चोरी करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। इस मामले में बच्ची की मां प्रियंका मुखर्जी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 1 अप्रैल को त्रिवेंद्रम से बेंगलुरु जा रही इंडिगो फ्लाइट (6E 661) के दौरान घटी। फ्लाइट में सफर के दौरान प्रियंका की दोनों बेटियां—एक पांच साल की और दूसरी दो साल की—आपस में झगड़ रही थीं। इस पर फ्लाइट अटेंडेंट अदिति अश्विनी शर्मा ने बड़ी बच्ची को शांत कराने के लिए अपनी गोद में ले लिया। जब विमान लैंडिंग के करीब पहुंचा, तो अदिति ने बच्ची को वापस मां को सौंप दिया।

प्रियंका के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने बच्ची को वापस गोद में लिया, उन्होंने देखा कि बच्ची की करीब 20 ग्राम वजनी सोने की चेन गायब है। उन्होंने तुरंत फ्लाइट अटेंडेंट से इस बारे में पूछा, लेकिन अदिति ने किसी भी तरह की चोरी से इनकार कर दिया। चेन के गायब होने के बाद प्रियंका ने मामले की जानकारी CISF, एयरलाइन अधिकारियों और एयरपोर्ट अथॉरिटी को दी। लेकिन प्रियंका का कहना है कि उन्हें लंबे समय तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। एयरपोर्ट स्टाफ ने यह कहते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि यह घटना फ्लाइट के भीतर हुई है, इसलिए मामला एयरलाइन और पुलिस के स्तर पर ही सुलझाया जाएगा।

जब पुलिस ने एयरलाइन से संपर्क किया, तो इंडिगो एयरलाइंस ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पास घटना की पुष्टि के लिए कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *