नई दिल्ली। आईपीएल 2025 के 16वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को लखनऊ सुपरजायंट्स के हाथों 12 रन से हार का सामना करना पड़ा। इकाना स्टेडियम, लखनऊ में खेले गए इस मुकाबले में लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 203/6 का स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई इंडियंस 191/5 तक ही पहुंच सकी। मैच के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने माना कि टीम ने कुछ अतिरिक्त रन दे दिए, जो अंत में हार का कारण बने। उन्होंने कहा, “हमने 10-12 रन ज्यादा दे दिए, जो अंत में हम पर भारी पड़ गए।”
पांड्या ने अपनी गेंदबाजी पर बात करते हुए कहा- “मैं हमेशा गेंदबाजी का आनंद लेता हूं। आज ज्यादा विकल्प नहीं थे, लेकिन मैंने पिच को पढ़कर स्मार्ट तरीके से गेंदबाजी की। मैं विकेट के पीछे नहीं भागता, बल्कि कोशिश करता हूं कि बल्लेबाज़ खुद गलती करें। आज ऐसा ही एक दिन था।” तिलक वर्मा को रिटायर्ड आउट करने के फैसले पर हार्दिक ने कहा कि टीम को बड़े शॉट्स की ज़रूरत थी, और तिलक वह करने में असमर्थ लग रहे थे। “हमें बड़े शॉट्स चाहिए थे और तिलक वैसा नहीं कर पा रहे थे, इसलिए यह रणनीतिक फैसला लेना पड़ा।”
हार्दिक ने टीम की नाकामी की जिम्मेदारी खुद लेते हुए कहा- “हम एक टीम के रूप में जीतते हैं और हारते हैं। मैं इस हार की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं।”
“क्रिकेट में ऐसे दिन आते हैं जब सब कुछ ट्राय करने के बावजूद चीजें आपके पक्ष में नहीं जातीं। अब हमारा फोकस बेहतर क्रिकेट खेलने पर है।”
पांड्या ने उम्मीद जताई कि टीम जल्द ही वापसी करेगी। “हमें बेहतर फैसले लेने होंगे, गेंदबाजी में सुधार करना होगा और बल्लेबाज़ी में मौके बनाने होंगे। टूर्नामेंट लंबा है, हमें जीत की लय पकड़नी होगी।”