पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार के रोहतास जिले में प्रसिद्ध चंदतन शहीद पहाड़ी से करीब 500 मीटर दूर एक महिला का कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। वहीँ स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहाड़ी दो थाना क्षेत्रों के बीच आती है। इसी वजह से पुलिस की गश्त यहां नहीं हो पाती है। इसका फायदा उठाकर अपराधी यहां वारदात को अंजाम देते हैं।
दरअसल यह घटना सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है, बताया जा रहा है कि महिला की मौत हुए करीब 20 से 25 दिन बीत चुके थे। शरीर के सारे कपड़े सड़ चुके थे और सिर्फ हड्डियां बची थीं। स्थानीय लोगों ने जब कंकाल को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना की पुलिस ने कंकाल को कब्जे में ले लिया और उसकी शिनाख्त में जुट गई।
मुफस्सिल थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच होगी। वह नीले रंग की सलवार-कमीज पहने हुई थी। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है और यह स्पष्ट नहीं है कि वह महिला पहाड़ी क्षेत्र में कैसे और कब पहुंची। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।