भारत में में पहली बार 3 कोच की मेट्रो ट्रेन चलेगी, आठ स्टेशन के बीच चलेगी 4 लाइनों के साथ होगी कनेक्टिविटी

By: PalPal India News
April 7, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। देश का सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क दिल्ली मेट्रो अब देश की सबसे छोटी मेट्रो का परिचालन भी शुरू करेगा। जहाँ तीन कोच की मेट्रो के परिचालन में लागत कम आएगी। ऐसे में कम यात्री होने पर भी ट्रेन तय समय पर चलती रहेगी और नुकसान नहीं होगा। वहीं, बताया जा रहा है की यात्रियों की संख्या बढ़ने पर मेट्रो की फ्रीक्ववेंसी बढ़ा दी जाएगी।

भारत में यह पहली मेट्रो ट्रेन होगी, जिसमें सिर्फ तीन कोच होंगे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की तरफ से जारी बयान में बताया गया है कि लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक तीन कोच की मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी। डीएमआरसी आधिकारियों ने रविवार को एक बयान में कहा कि यह दिल्ली मेट्रो परियोजना के चौथे चरण का हिस्सा है। यह कॉरिडोर आठ किलोमीटर तक फैला होगा और डीएमआरसी नेटवर्क में दूसरा सबसे छोटा कॉरिडोर होगा। इस लाइन का उद्देश्य शहर के अंदरूनी हिस्सों तक कनेक्टिविटी को बढ़ाना और मौजूदा कॉरिडोर के साथ बिना किसी परेशानी के इंटरचेंज सुनिश्चित करना है। 3-कोच वाली ट्रेनों को विशेष रूप से कम दूरी की शहरी यात्रा के लिए विकसित किया गया है फिलहाल देश के अलग-अलग शहरों में चार, छह या आठ कोचों के साथ मेट्रो सेवा का संचालन किया जा रहा है।

आठ स्टेशन के बीच चलेगी मेट्रो

तीन कोच वाली प्रणाली का उद्देश्य उच्च गुणवत्ता वाले शहरी मानकों को बनाए रखते हुए आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करना है। प्रत्येक कोच में लगभग 300 यात्रियों के बैठने और खड़े होने की क्षमता होगी, जिससे तीन कोच वाली ट्रेन की कुल क्षमता लगभग 900 यात्रियों की प्रति यात्रा हो जाएगी। बयान में कहा गया है कि कॉरिडोर में लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक आठ रणनीतिक रूप से स्थित स्टेशन होंगे, ताकि प्रमुख आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों तक पहुंच में सुधार हो सके।

2028 तक शुरू होगा परिचालन

स्टेशन प्लेटफॉर्म को 74 मीटर की लंबाई के साथ डिजाइन किया गया है, जो तीन कोच वाली ट्रेन संचालन के लिए अनुकूलित है। डीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया, “मार्च 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। निर्माण कार्य अब शुरू हो गया है और कॉरिडोर के 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *