उन्नाव (उत्तर प्रदेश)। सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में युवा खतरनाक हदें पार कर रहे हैं। ऐसा ही एक रौंगटे खड़ा कर देने वाला मामला उन्नाव से सामने आया है, जहां एक युवक ने रील बनाने के लिए ट्रेन के नीचे लेटकर वीडियो शूट किया। यह घटना न सिर्फ खतरनाक थी, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती थी।
वीडियो में दिख रहा है कि युवक रेलवे ट्रैक पर लेटा हुआ है और उसके ऊपर से एक पूरी ट्रेन गुजर जाती है, जबकि वह मोबाइल से यह खतरनाक स्टंट रिकॉर्ड कर रहा है। यह वीडियो कानपुर-लखनऊ रेल लाइन पर कुसुम्भी स्टेशन के पास फिल्माया गया था।
वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस (GRP) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान रंजीत चौरसिया के रूप में हुई है, जो उन्नाव के हसनगंज के न्योतनी गांव का रहने वाला है।
इस वीडियो को @WeUttarPradesh नामक एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से शेयर किया गया, जिसके बाद लोगों में नाराज़गी और चिंता की लहर दौड़ गई। सोशल मीडिया पर कई यूज़र्स ने इस तरह के स्टंट्स को तुरंत रोकने और सख्त सज़ा देने की मांग की है।
रेलवे प्रशासन और पुलिस ने साफ़ किया है कि इस तरह के स्टंट न केवल स्वयं के लिए घातक हैं बल्कि दूसरों की जान को भी खतरे में डालते हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रेलवे ट्रैक पर इस तरह की हरकत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।