पलपल इंडिया प्रतिनिधि। गर्मियां अब शुरू हो गई है ऐसे में लोग अपने अपने घरों में एसी कूलर लगाने के बारे में सोच रहे है, अगर आप पहली बार एसी इस्तेमाल करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए. आज हम आपको यही बताएँगे की किस तरीके से एसी का इस्तेमाल करने से न सिर्फ इसकी लाइफ बढ़ेगी, बल्कि आपकी सेहत और बिजली के बिल पर भी कोई नुक्सान नहीं होगा.
गर्मी के मौसम में एसी (AC) का इस्तेमाल अब आम बात हो गई है. लोगों ने अपने घरों, ऑफिसों और दुकानों में एसी लगवाना शुरू कर दिया है. एसी हमारे आस-पास की गर्मी को कम करता है और माहौल को आरामदायक बनाता है. लेकिन अगर आप पहली बार एसी इस्तेमाल करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए.
आप जब भी एसी लगवाएं, तो यह काम किसी प्रोफेशनल टेक्नीशियन से ही करवाएं. ऐसा करने से यह सुनिश्चित होता है कि वायरिंग, फिटिंग और बाकी कनेक्शन सही तरह से किए गए हैं. कई बार लोकल या गैर-प्रशिक्षित व्यक्ति से एसी लगवाने पर बाद में शॉर्ट सर्किट या लीकेज जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.
दीवार पर मजबूती से लगवाएं एसी
अगर वॉल माउंटेड एसी लगवा रहे हैं, तो यह ध्यान रखें कि एसी दीवार पर सही एंगल पर और मजबूती से लगा हो. क्यूंकि अगर सही ढंग से नहीं लगवाया तो यह गिर सकता है या दीवार को नुकसान पहुंचा सकता है.
साफ करते रहें फिल्टर
एसी के फिल्टर की सफाई बहुत जरूरी होती है. एसी के अंदर एक फिल्टर लगा होता है जो हवा में मौजूद धूल-मिट्टी को रोकता है. अगर ये फिल्टर गंदा हो जाए तो एसी की कूलिंग कम हो जाती है और कंप्रेशर पर दबाव पड़ता है. इससे बिजली की खपत भी बढ़ती है और एसी जल्दी खराब हो सकता है. इसलिए हर कुछ हफ्तों में फिल्टर को निकालकर साफ करना जरूरी है.
24-26 डिग्री पर ही चलाएं
बिजली की खपत और सेहत का भी रखें ख्याल. गर्मी में कई लोग एसी को पूरा दिन फुल स्पीड पर चलाते हैं, लेकिन यह तरीका सही नहीं है. इससे बिजली का बिल तो बढ़ता ही है, साथ ही सेहत पर भी असर पड़ सकता है. ज्यादा ठंडी हवा से सर्दी, जुकाम और जोड़ों में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं. एसी को 24-26 डिग्री सेल्सियस पर चलाना सबसे अच्छा और सेहतमंद विकल्प होता है.