कटनी में बन रहे देश के सबसे लंबे रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा, मालगाड़ी का हुआ सफल ट्रायल

By: PalPal India News
April 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमध्य प्रदेश के कटनी में बन रहे देश के सबसे लंबे रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। इस फ्लाईओवर की अप लाइन पर मालगाड़ी का सफल ट्रायल किया गया है। यह फ्लाईओवर मालगाड़ियों के लिए बायपास मार्ग के रूप में कार्य करेगा, जिससे वे कटनी के स्टेशनों को सीधे पार कर जाएंगी।

पश्चिम मध्य रेल के अंतर्गत मध्य प्रदेश के कटनी में बनाया जा रहा यह ग्रेड सेपरेटर एक एलिवेटेड वायडक्ट है। देश के सबसे लंबे रेल फ्लाईओवर (ग्रेड सेपरेटर) का अप लाइन ट्रैक तैयार हो गया है। दो दिन पूर्व मालगाड़ी दौड़ाकर ट्रैक की संरचना की आंतरिक जांच की गई और ट्रायल सफल रहा। यहां ट्रैक का काम पूरा होने पर दो दिन पूर्व मालगाड़ी चलाकर ट्रायल लिया गया। ट्रैक में संरक्षा कमियों को जांचा गया। ट्रायल में मिली कमियों को दूर किया जा रहा है। ग्रेड सेपरेटर के 17.52 किलोमीटर लंबे डाउन लाइन के कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है। कुल 34 किलोमीटर लंबे इस ग्रेड सेपरेटर पर अप और डाउन लाइन का ट्रैक एक वायडक्ट का निर्माण करता है।

आपको बता दे यह रेल फ्लाईओवर कटनी जंक्शन, न्यू कटनी जंक्शन और कटनी मुड़वारा स्टेशन के ऊपर से बनाया गया है। ये मालगाड़ी के लिए बायपास मार्ग के रूप में कार्य करेगा। अप लाइन सिंगरौली और बीना रेल लाइन को ग्रेड सेपरेटर के माध्यम से सीधा जोड़ती है। बिलासपुर से बीना रेल लाइन को सीधे जोड़ने वाली डाउन लाइन के शेष कार्य को तेजी से पूरा किया जा रहा है। वर्षांत तक यह एलिवेटेड वायडक्ट रेलवे फ्लाईओवर पूर्ण कर लिए जाने की तैयारी है। ग्रेड सेपरेटर के बन जाने पर मालगाड़ियां कटनी के स्टेशनों को सीधे पार कर जाएंगी। इससे यात्री ट्रेनों के आवागमन का मार्ग सरल होगा।

One response to “कटनी में बन रहे देश के सबसे लंबे रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा, मालगाड़ी का हुआ सफल ट्रायल”

  1. […] ले रहा। देर रात मदन महल–दमोह नाका फ्लाईओवर पर रफ्तार का कहर तब देखने को मिला जब दो […]

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *