अहमदाबाद, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बुधवार को खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ 58 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। इसी मैच के दौरान स्लो ओवर रेट बनाए रखने के चलते आरआर के कप्तान संजू सैमसन पर 24 लाख रुपये का भारी जुर्माना लगाया गया है।
गुरुवार को आईपीएल द्वारा जारी बयान में बताया गया कि यह जुर्माना आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत लगाया गया है। बयान में कहा गया, “प्लेइंग इलेवन और इम्पैक्ट प्लेयर सहित अन्य खिलाड़ियों पर या तो 6 लाख रुपये या उनकी मैच फीस के 25 प्रतिशत के बराबर जुर्माना लगाया गया है।”
गौरतलब है कि इससे पहले भी आरआर पर स्लो ओवर रेट को लेकर जुर्माना लग चुका है। पिछली बार रियान पराग की कप्तानी में गुवाहाटी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ जीत के बावजूद टीम को 12 लाख रुपये की सजा भुगतनी पड़ी थी। उस मुकाबले में सैमसन चोट के कारण केवल एक खिलाड़ी के तौर पर शामिल थे।
सैमसन के अलावा इस सीजन में स्लो ओवर रेट के चलते जिन अन्य कप्तानों पर जुर्माना लगाया गया है, उनमें मुंबई इंडियंस के हार्दिक पांड्या, लखनऊ सुपरजायंट्स के ऋषभ पंत और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के रजत पाटीदार शामिल हैं।
बुधवार के मैच की बात करें तो गुजरात के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 82 रनों की पारी खेली और टीम को 217 रनों के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। जवाब में राजस्थान की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर 3 विकेट झटके, लेकिन टीम 19.2 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
आरआर के लिए शिमरोन हेटमायर (52), सैमसन (41) और पराग (26) ही कुछ हद तक संघर्ष करते नजर आए। बाकी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने लगातार चौथी जीत दर्ज की और पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं राजस्थान रॉयल्स के लिए यह पांच मैचों में तीसरी हार रही, जिससे वे अब अंक तालिका में सातवें पायदान पर पहुंच गए हैं। उनका अगला मुकाबला रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होगा।