26/11 हमले का आरोपी तहव्वुर राणा भारत लाया गया, एनआईए मुख्यालय में पूछताछ जारी

By: PalPal India News
April 10, 2025

नई दिल्ली। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के प्रमुख आरोपियों में शामिल तहव्वुर हुसैन राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाया गया है। राणा को लेकर आया विशेष विमान बुधवार को दिल्ली के पालम टेक्निकल एयरपोर्ट पर उतरा, जिसके बाद उसे भारी सुरक्षा के बीच एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) के मुख्यालय पहुंचाया गया। यहां उससे पूछताछ की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, तहव्वुर राणा को जिस वाहन में लाया गया, वह पूरी तरह बुलेटप्रूफ थी। साथ ही, ‘मार्क्समेन’ नाम की उच्च सुरक्षा वाली विशेष गाड़ी को भी स्टैंडबाय पर रखा गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के कमांडो पूरे ऑपरेशन के दौरान मुस्तैद रहे। ‘मार्क्समेन’ गाड़ी का इस्तेमाल आमतौर पर आतंकवादियों और खतरनाक अपराधियों की आवाजाही के लिए किया जाता है।

एनआईए में प्रारंभिक पूछताछ के बाद तहव्वुर राणा को तिहाड़ जेल स्थानांतरित किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक, उसे जेल की उच्च-सुरक्षा वाले विशेष विंग में रखा जाएगा, जहां 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी और विशेष सुरक्षा बलों की तैनाती रहेगी।

भारत के लिए यह प्रत्यर्पण एक बड़ी कूटनीतिक और जांच एजेंसी के स्तर पर महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है, क्योंकि राणा पर 26/11 हमलों की साजिश में लश्कर-ए-तैयबा और डेविड हेडली के साथ मिलकर भूमिका निभाने का आरोप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *