नई दिल्ली। यदि आप अपने पासपोर्ट में अपने जीवनसाथी का नाम जुड़वाना चाहते हैं लेकिन आपके पास शादी का प्रमाणपत्र (Marriage Certificate) नहीं है, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने इस प्रक्रिया को और सरल बना दिया है। अब ‘Annexure J’ नामक नई सुविधा के जरिए यह काम किया जा सकता है।
Annexure J एक संयुक्त स्व-घोषणा पत्र (Joint Photo Declaration) होता है, जिसमें पति-पत्नी दोनों अपने नाम, पता, वैवाहिक स्थिति और एक साथ खिंचाई गई फोटो के साथ यह पुष्टि करते हैं कि वे शादी के बाद से साथ रह रहे हैं और एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में पासपोर्ट में दर्ज करवाना चाहते हैं।
इस बदलाव से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जिनके पास विवाह प्रमाणपत्र नहीं है, लेकिन वे अपने पासपोर्ट में अपने पति या पत्नी का नाम शामिल करवाना चाहते हैं। यह पहल विदेश मंत्रालय की ‘ईज़ ऑफ लिविंग’ नीति की दिशा में एक और कदम मानी जा रही है।