न्यूयॉर्क के हडसन नदी में बड़ा हादसा – हेलिकॉप्टर क्रैश में 6 की मौत, वीडियो वायरल

By: PalPal India News
April 11, 2025

न्यूयॉर्क. न्यूयॉर्क के हडसन नदी में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक सैर-सपाटे के लिए उड़ान भर रहा हेलिकॉप्टर अचानक तकनीकी खराबी के चलते नदी में क्रैश हो गया। इस भयावह दुर्घटना में तीन बच्चों सहित कुल 6 लोगों की जान चली गई, जिनमें हेलिकॉप्टर का पायलट और स्पेन से आए एक ही परिवार के सदस्य शामिल थे। हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में देखा जा सकता है कि हेलिकॉप्टर का रोटर ब्लेड अचानक अलग हो जाता है, और फिर हेलिकॉप्टर तेजी से नीचे गिरते हुए सीधे नदी में समा जाता है। यह नजारा बेहद भयावह और दिल दहला देने वाला था।

घटना के समय न्यूयॉर्क में मौसम खराब था – आसमान में घने बादल छाए थे और तेज हवाएं चल रही थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खराब मौसम के चलते कई न्यूज चैनलों के हेलिकॉप्टरों को भी उड़ान नहीं भरने दी गई थी।

हादसे के तुरंत बाद न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी की पुलिस, दमकल विभाग और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। न्यूयॉर्क सिटी के मेयर एरिक एडम्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, “छहों शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन दुर्भाग्यवश कोई भी जीवित नहीं बच पाया। यह एक बेहद दर्दनाक घटना है।” पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश ने जानकारी दी कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, यह एक Bell 206 मॉडल का हेलिकॉप्टर था, जो दोपहर करीब 3 बजे न्यूयॉर्क के डाउनटाउन स्कायपोर्ट से उड़ान भरकर मैनहट्टन के किनारे-किनारे होते हुए जॉर्ज वॉशिंगटन ब्रिज की ओर गया। लौटते वक्त, हेलिकॉप्टर का संतुलन बिगड़ गया और यह होबोकेन पियर के पास हडसन नदी में गिर पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *