नई दिल्ली, 12 अप्रैल : देशभर में शुक्रवार को भगवान हनुमान का जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। इस पावन अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “समस्त देशवासियों को श्री हनुमान जन्मोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं। संकट मोचन भगवान बजरंगबली सभी के कष्टों को दूर कर बल, बुद्धि, विवेक और दीर्घायु प्रदान करें। जय श्री राम।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी X पर अपनी शुभकामनाएं साझा करते हुए लिखा, “श्री हनुमान जयंती की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को मंगलमय शुभकामनाएं। बल, बुद्धि और विद्या के दाता भगवान महाबीर की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है। ॐ हनुमते नमः।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लिखा, “प्रभु श्रीराम में अटूट आस्था रखने वाले संकटमोचन श्री हनुमान जी के जन्मोत्सव पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं। अंजनी पुत्र महाबली की कृपा से सभी का जीवन मंगलमय हो और हर दिशा में आनंद फैले।”
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटद्वार स्थित सिद्धबली मंदिर का उल्लेख करते हुए लिखा, “यह मंदिर हनुमान जयंती पर विशेष श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है। दिव्य वातावरण और विशेष अनुष्ठानों के कारण यह स्थल भक्तों को अद्भुत अनुभव प्रदान करता है। केसरीनंदन प्रभु हनुमान जी के प्रकटोत्सव की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं। प्रभु बजरंगबली से सभी के मंगलमय जीवन की कामना करता हूं।”