बाबा महाकाल ने बजरंगबली के रूप में दिए भक्तों को दर्शन, जन्मोत्सव पर हुई विशेष भस्मारती

By: PalPal India News
April 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिउज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में आज हनुमान जी के जन्मोत्सव पर विशेष भस्मारती हुई। इसमें बाबा महाकाल ने बजरंगबली के रूप में भक्तों को दर्शन दिए। भक्तों ने बाबा महाकाल के जयकारों के साथ भगवान हनुमान के जयकारे भी लगाए। महाकाल मंदिर परिसर स्थित बाबा बाल हनुमान मंदिर से शाम 6 बजे भगवान की शोभायात्रा निकलेगी।

उज्जैन के सभी हनुमान मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। सुबह मंदिरों में अभिषेक पूजन हुआ और शाम को महाआरती व भंडारे के आयोजन होंगे। धर्मधानी उज्जैन में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर उल्लास छाया है। महाकाल मंदिर परिसर स्थित बाल हनुमान, गढ़कालिका स्थित कुमारेश्वर हनुमान, जेसी मिल परिसर स्थित बाल हनुमान मंदिर में भगवान का विशेष शृंगार किया गया है। आज सुबह अभिषेक, पूजन के बाद भोग लगाकर जन्म आरती की गई।

आंबापुरा में नगरभोज का विश्व रिकॉर्ड बनेगा

आंबापुरा स्थित प्राचीन जयवीर हनुमान मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। अगले दिन 13 अप्रैल रविवार को नगर भोज होगा। संयोजक सुनील चावंड ने बताया 50 हजार से अधिक भक्तों को टेबल कुर्सी पर बैठाकर दाल, बाफले, लड्डू की महाप्रसादी ग्रहण कराई जाएगी। इस बार यह आयोजन गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होने जा रहा है। इसके लिए रविवार सुबह गोल्डन बुक की टीम उज्जैन पहुंचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *