पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मुरादाबाद की तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में छात्रों पर आकाशीय बिजली गिरने से पांच छात्र घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक भयानक मंजर देखने को मिला है। यहां पर तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में आकाशीय बिजली गिरने से पांच छात्र घायल हो गए हैं। घटना के बाद आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए टीएमयू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पांचों घायलों में से दो की हालत नाजुक है। घायल पांच छात्रों के नाम संस्कार, सिद्धार्थ, मानव, शिवेश और बंटी राजा है। वहीं घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो में बिजली गिरने के तुरंत बाद छात्र नीचे गिरते हुए देखे जा सकते हैं।
मामला गुरुवार की रात करीब 8:30 बजे का बताया जा रहा है। यहां तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में महावीर जयंती के पर्व पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान तमाम छात्र-छात्राएं भी कैंपस में मौजूद थे। तभी आरती का समय हुआ, तो कुछ बच्चे मंदिर की तरफ जा रहे थे। इसी बीच अचानक आंधी आ गई और तेज बिजली कड़कने लगी। आंधी और बारिश से बचने के लिए 5 छात्रों का एक ग्रुप कैंपस में पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी और पेड़ के नीचे खड़े छात्र गंभीर रूप से झुलस गए।