सूडान: अर्धसैनिक हमलों में 114 से ज्यादा नागरिकों की मौत

By: PalPal India News
April 13, 2025

खार्तूम,. सूडान के उत्तर दारफुर राज्य की राजधानी अल फाशर में बीते दो दिनों के दौरान हुए भीषण अर्धसैनिक हमलों में 114 से अधिक आम नागरिकों की मौत हो गई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, इन हमलों के पीछे रैपिड सपोर्ट फोर्सेस (RSF) नामक अर्धसैनिक संगठन का हाथ है।

सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर दारफुर के स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक इब्राहीम खातिर ने बताया कि शुक्रवार को जमजम शरणार्थी शिविर पर हुए हमले में 100 से अधिक लोग मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हो गए। शनिवार को अबू शौक शिविर पर हुए एक और हमले में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

खातिर ने यह भी बताया कि जमजम शिविर में मारे गए लोगों में रिलीफ इंटरनेशनल नामक एनजीओ के 9 कर्मचारी भी शामिल थे, जो वहां एक अस्थायी अस्पताल चला रहे थे। वहीं, “इमरजेंसी रूम” नामक एक स्वयंसेवी संगठन के अनुसार, अबू शौक शिविर पर शनिवार को हुई RSF की गोलाबारी में कम से कम 40 नागरिकों की जान गई और सैकड़ों घायल हुए।

इन भीषण हमलों पर अब तक RSF की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। बता दें कि 10 मई 2024 से अल फाशर में सूडान की सेना (SAF) और RSF के बीच जबरदस्त संघर्ष चल रहा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) के अनुसार, अप्रैल 2023 से अब तक इस संघर्ष में 29,600 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *