पलपल इंडिया प्रतिनिधि। दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज में एक अनोखी रिसर्च का वीडियो वायरल हो रहा है जिसने अपनी ओर सभी का ध्यान खींच लिया है। वीडियो में कॉलेज की प्रिंसिपल क्लासरूम की दीवारों पर गोबर का लेप लगाते हुए दिख रही हैं।
प्रिंसिपल प्रत्यूष वत्सला ने बताया कि यह काम एक संकाय सदस्य द्वारा शुरू की गई रिसर्च प्रोजेक्ट का हिस्सा है। उन्होंने खुद ही कॉलेज के शिक्षकों के साथ यह वीडियो शेयर करते हुए बताया कि क्लासरूम को ठंडा रखने के लिए देसी तरीके अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट का नाम है ‘‘पारंपरिक भारतीय ज्ञान का उपयोग करके तापीय तनाव नियंत्रण का अध्ययन।’’ उन्होंने संदेश में लिखा, ‘‘जिनकी यहां कक्षाएं हैं, उन्हें जल्द ही ये कमरे नए रूप में मिलेंगे। आपके शिक्षण अनुभव को सुखद बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह प्रक्रियाधीन है। मैं एक हफ्ते के बाद पूरी रिसर्च का डिटेल शेयर कर सकूंगी। रिसर्च ‘पोर्टा केबिन’ में की जा रही है। मैंने उनमें से एक पर खुद ही लेप लगाया है क्योंकि प्राकृतिक मिट्टी को छूने से कोई नुकसान नहीं होता। कुछ लोग पूरी जानकारी के बिना गलत सूचना फैला रहे हैं।’’