पलपल इंडिया प्रतिनिधि। इंदौरवासियों को जल्द ही मेट्रो में सफर करने का आनंद मिलने वाला है। इंदौर मेट्रो का किराया तय हो गया है। जहाँ पहले हफ्ते में यात्री फ्री में मेट्रो की यात्रा कर सकेंगे। इसके बाद न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 80 रुपये होगा। 5.9 किमी के सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर के हिस्से में कमिश्नर आफ मेट्रो रेलवे सेफ्टी (सीएमआरएस) से मेट्रो संचालन की क्लीनचिट मिलने के बाद किराया भी तय कर दिया गया।
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल निगम लिमिटेड ने रविवार को इंदौर में मेट्रो का किराया तय कर दिया। यह किराया सभी 28 स्टेशनों के लिए तय किया गया है, गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर स्टेशन नंबर तीन तक दोनों दिशाओं से मेट्रो 50 फेरे लगाएगी। इसका संचालन सुबह आठ से रात आठ बजे तक किया जाएगा। मेट्रो में पहले सप्ताह निश्शुल्क यात्रा कर सकेंगे। हालांकि अभी तक संचालन की तारीख तय नहीं हुई है। प्रधानमंत्री कार्यालय से पीएम द्वारा मेट्रो के शुभारंभ की तारीख तय होना बाकी है।
प्रायोरिटी कॉरिडोर पर सुबह आठ से रात आठ बजे तक मेट्रो चलेगी। प्रत्येक 30 मिनट में मेट्रो का संचालन किया जाएगा। गांधीनगर से सुपर कॉरिडोर के स्टेशन नंबर तीन तक 25 फेरे और स्टेशन नंबर तीन से गांधी नगर तक 25 फेरे लगाएगी। शुरुआत में मेट्रो के तीन से चार कोच सेट चलाए जाएंगे। प्रायोरिटी कॉरिडोर तक लोगों को पहुंचाने के लिए मप्र मेट्रो रेल निगम लि. एआईसीटीएसएल की बसों का संचालन करने पर विचार कर रहा है। सिटी बस का किराया यात्रियों को अलग से देना होगा, जो एआईसीटीएसएल तय करेगा।