अयोध्या। अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट को एक अज्ञात ईमेल के ज़रिए बम धमाके की धमकी मिली है। इस ईमेल में मंदिर को विस्फोट से उड़ाने की बात कही गई, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, खुफिया विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।
फिलहाल जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह ईमेल किस व्यक्ति ने, और किस स्थान से भेजा है। ट्रस्ट की ओर से भी सुरक्षा एजेंसियों को पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
गौरतलब है कि राम मंदिर के निर्माण के बाद से ही इसकी सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। अब धमकी मिलने के बाद सुरक्षा को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। पूरे परिसर में अलर्ट जारी कर दिया गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।