हापुड़: महिला ने टोल कर्मचारी का गला दबाया, थप्पड़ और घूंसे भी मारे

By: PalPal India News
April 15, 2025

हापुड़ (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के छिजरासी टोल प्लाजा पर सोमवार को उस समय हंगामा मच गया जब एक महिला ने टोल कर्मी के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के दौरान गाजियाबाद की ओर से आई एक कार में सवार महिला ने पहले टोल बूथ में घुसकर एक कर्मचारी का गला दबाया और फिर उस पर थप्पड़ और घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। टोल कर्मी खुद को बचाने की पूरी कोशिश करता रहा, लेकिन महिला का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था।

क्या था विवाद का कारण- प्राप्त जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत फास्टैग को लेकर हुई। कार का फास्टैग ब्लैकलिस्टेड था, ऐसे में टोल कर्मी ने नियमों के तहत जुर्माने के साथ टोल शुल्क मांगा। इसी बात पर महिला भड़क उठी और उसने कर्मचारी के साथ हाथापाई शुरू कर दी। घटना के दौरान एक अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचा और महिला से हाथ जोड़कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की। बावजूद इसके, महिला का आक्रोश कम नहीं हुआ।

टोल प्रशासन ने दर्ज कराई शिकायत- घटना के बाद टोल प्रबंधन ने पिलखुवा थाना में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। टोल मैनेजर ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब टोल कर्मियों के साथ मारपीट की घटना हुई हो। इससे पहले भी कई बार या तो कर्मचारी हमलावर बने हैं या फिर उन पर हमले हुए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि दोषी पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *