दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज में DUSU अध्यक्ष ने प्रिंसिपल के कार्यालय में लगाया गोबर

By: PalPal India News
April 16, 2025

नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी के लक्ष्मीबाई कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) के अध्यक्ष रौनक खत्री ने कॉलेज की प्रिंसिपल के कार्यालय में गोबर पोत दिया। यह घटना उस वीडियो के वायरल होने के बाद सामने आई जिसमें कॉलेज की प्रिंसिपल, प्रत्यूष वत्सला, कक्षा की दीवारों पर गोबर का लेप लगाती नजर आ रही थीं।

प्रिंसिपल द्वारा गोबर से दीवारें पोते जाने पर सोशल मीडिया पर पहले ही बहस छिड़ चुकी थी। अब DUSU अध्यक्ष रौनक खत्री ने इसका विरोध करते हुए प्रिंसिपल के ऑफिस में गोबर लगा दिया। बताया गया कि इस दौरान उनके साथ कुछ छात्र भी मौजूद थे, जिन्होंने गोबर साथ लाया था।

घटना के वक्त प्रिंसिपल कॉलेज में मौजूद नहीं थीं, लेकिन वाइस प्रिंसिपल वहां मौजूद थीं। उन्होंने खत्री से अपील की कि ऐसा न करें, लेकिन खत्री ने जवाब दिया, “जब छात्र क्लास में नहीं थे, तब प्रिंसिपल ने कक्षा में गोबर कैसे पोता?” इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे X (पूर्व में ट्विटर) पर @WeUttarPradesh नाम के अकाउंट से साझा किया गया है। कॉलेज में इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और प्रशासन की ओर से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *