पलपल इंडिया प्रतिनिधि। देश भर में गर्मी का प्रकोप जारी है, ऐसे में मध्य प्रदेश में तापमान बढ़ने की संभावना भी बढती जा रही है, लेकिन अभी दो-तीन दिनों तक लू चलने के आसार नहीं हैं। अभी यहां चार मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनमें दो चक्रवात और दो द्रोणिकाएं शामिल हैं। इन प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छाए हुए हैं।
मौसम विभाग ने जानकारी साझा करते हुए बताया की अलग-अलग स्थानों पर बनी चार मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कुछ नमी मिलने का सिलसिला बना हुआ है। इस वजह से प्रदेश में कहीं-कहीं बादल छाए हुए हैं। हालांकि इसके बाद भी दिन का तापमान स्थिर ही बना हुआ है।उन्होंने बताया की बुधवार से तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई। उज्जैन में गर्म रात रही। मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रतलाम में दर्ज किया गया।
दक्षिण मध्य प्रदेश के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में भी एक चक्रवात है। इस चक्रवात से लेकर दक्षिण पश्चिम बंगाल तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो छत्तीसगढ़, ओडिशा से होकर जा रही है। इसी चक्रवात से दूसरी द्रोणिका कर्नाटक तक बनी हुई है। बुधवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयीन क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है। हालांकि ये मौसम प्रणालियां कमजोर हैं, इस वजह से बुधवार से तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने की बात कही जा रही है। फिलहाल अभी दो-तीन दिनों तक लू चलने के आसार नहीं हैं।