जालौन (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक सरकारी डॉक्टर पर इलाज के नाम पर मासूम बच्चे को सिगरेट पिलाने का आरोप लगा है। यह घटना कुठौंद के केंद्रीय स्वास्थ्य केंद्र की बताई जा रही है, जहां तैनात डॉक्टर सुरेश चंद्र ने एक लगभग पांच साल के बच्चे को सिगरेट मुंह में लगाने को कहा और खुद उसे जलाकर बच्चे से कई बार कश लगवाए।
इस हैरान करने वाली घटना का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद लोगों में गहरा आक्रोश फैल गया और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल संज्ञान लिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) डॉ. नरेंद्र देव शर्मा ने बताया कि वीडियो की सत्यता और मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए डॉक्टर सुरेश चंद्र का तत्काल प्रभाव से जिला मुख्यालय में तबादला कर दिया गया है। साथ ही, अतिरिक्त CMO डॉ. एस.डी. चौधरी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय जांच कमेटी गठित की गई है, जो पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने इस कृत्य को चिकित्सा नैतिकता और बच्चों की सुरक्षा के खिलाफ बताया है और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, सोशल मीडिया पर लोग डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।