पलपल इंडिया प्रतिनिधि। गुजरात के पाटन जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा आज दोपहर करीब 11:30 बजे सामी-राधनपुर राजमार्ग पर सामी गांव के पास हुआ, जब एक ऑटोरिक्शा और गुजरात राज्य परिवहन निगम की बस में जोरदार टक्कर हो गई। पाटन जिले के पुलिस अधीक्षक वी. के. नई ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब हिम्मतनगर से कच्छ जा रही परिवहन निगम की बस ने विपरीत दिशा से आ रहे एक ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसके हिस्से बस के नीचे फंस गए।
दुर्घटना में ऑटोरिक्शा पर सवार सभी 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जिनमें ड्राइवर भी शामिल था। दुर्घटना को लेकर हो रही शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि बस ड्राइवर ने ओवरटेक करने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया था और ऑटो से जा टकराया था। पुलिस ने इस मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही राधनपुर के विधायक और बीजेपी नेता लाविंगजी ठाकोर भी मौके पर पहुंचे और मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया।