पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में जिम करने के दौरान एक शख्स की मौत हो गई। शख्स को सीपीआर भी दी गई, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
दरअसल मामला मध्य प्रदेश के जबलपुर का है। जहाँ जिम में एक्सरसाइज करते-करते अचानक एक व्यक्ति बेसुध होकर नीचे गिर जाता है। इसके बाद जिम में मौजूद लोग उसे सीपीआर देकर उठाने की कोशिश करते रहे लेकिन उसे नहीं बचाया जा सका और उसकी मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरत में है। बता दें कि इससे पहले भी इस तरह की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसमें लोगों को अचानक से किसी एक्टिविटी को करते-करते गिरकर मरते हुए देखा गया है।
यहां मौजूद गोल्ड जिम में एक्सरसाइज करते-करते 52 साल के यतीश सिंघई बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा। एक्सरसाइज के दौरान दिल का दौरा पड़ने से शख्स की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक यतीश रोजाना की तरह करीब 6:45 बजे जिम में मशीनों से एक्सरसाइज कर रहा था। इसी बीच अचानक दिल का दौरा पड़ने से वह नीचे गिर गया।
वहीं एक्सरसाइज करने के दौरान हार्ट अटैक आने का वीडियो भी सामने आया है, जो जिम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में यतीश को अचानक से गिरते हुए देखा जा सकता है। हार्ट अटैक आते ही जिम के ट्रेनर और वहां मौजूद अन्य लोग भागकर यतीश के पास पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने सीपीआर और अन्य तरीकों से यतीश को बचाने की कोशिश की। वीडियो में यतीश सिंघई को जिम के ट्रेनर और अन्य साथी उठाकर ले जाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्हें शहर के भंडारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने यतीश को मृत घोषित कर दिया।