‘निकिता रॉय’ के पोस्टर से छलका सस्पेंस, सोनाक्षी सिन्हा दिखेंगी दमदार अंदाज़ में

By: PalPal India News
April 20, 2025

बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने को तैयार हैं, और इस बार वो एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर के ज़रिए दर्शकों को चौंकाने आ रही हैं। उनकी अगली फिल्म ‘निकिता रॉय’ का पहला पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसमें सोनाक्षी का गंभीर और रहस्यमयी लुक इस बात का इशारा करता है कि फिल्म में रोमांच और थ्रिल भरपूर होने वाला है।

फिल्म 30 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर में सिर्फ सोनाक्षी ही नहीं, बल्कि अर्जुन रामपाल, परेश रावल और सुहैल नय्यर भी तीव्र और सस्पेंस से भरे किरदारों में नजर आ रहे हैं। इन सभी की मौजूदगी फिल्म की कहानी को और भी दिलचस्प बनाती है।

इस फिल्म का निर्देशन सोनाक्षी के भाई कुश एस सिन्हा कर रहे हैं, जो इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। ‘निकिता रॉय’ को Nicky Vicky Bhagnani Films और Nikita Pai Films Ltd के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया है। निर्माता हैं निक्की खेमचंद भगनानी, किंजल आहूजा घोन और विक्की भगनानी।

सोनाक्षी के करियर में ‘निकिता रॉय’ एक नया मोड़ साबित हो सकती है। अपने अब तक के अभिनय सफर में उन्होंने कई अलग-अलग तरह के किरदार निभाए हैं, लेकिन यह फिल्म उनके अभिनय के नए आयामों को उजागर कर सकती है।

जैसे ही फिल्म का पोस्टर रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर फैंस की एक्साइटमेंट देखते ही बन रही है। अब सभी की निगाहें 30 मई पर टिकी हैं — जब ‘निकिता रॉय’ बॉक्स ऑफिस पर अपना जादू चलाने उतरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *