पलपल इंडिया प्रतिनिधि। ओडिशा के मलकानगिरी जिले से चौंकाने वाला हत्या का मामला सामने आया है। सुनातंग जंगल से एक युवती के कंकाल मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी मच गई। मृतका की पहचान छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के मुरतुंडा गांव की रहने वाली 25 वर्षीय मंगलदेई नाग के रूप में हुई है।
दरअसल 12 अप्रैल को जंगल में कंकाल मिलने के बाद पहले तो पुलिस ने इसे एक सामान्य मौत माना, लेकिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई और अन्य सबूत मिले, तो यह मामला हत्या का निकला। मृतका की पहचान उसके कपड़े और सामान से हुई, जिसके बाद परिवार ने इसकी पुष्टि की। इस हत्या के आरोप में पुलिस ने पोंडम गांव, सुकमा के रहने वाले 20 वर्षीय छात्र उमेश नाग को गिरफ्तार किया है।
गर्भपात करने से किया था मना
जांच में पता चला कि उमेश और मंगलदेई पिछले एक साल से रिश्ते में थे। मंगलदेई गर्भवती हो गई थी और उमेश इस बात को छुपाना चाहता था। पुलिस के अनुसार, 20 मार्च को उमेश ने मंगलदेई को मलकानगिरी जिला अस्पताल गर्भपात के लिए ले गया था। लेकिन अल्ट्रासाउंड के बाद डॉक्टरों ने गर्भपात करने से मना कर दिया। इससे परेशान होकर उमेश ने एक खौफनाक योजना बनाई। वह मंगलदेई को सुनातंग जंगल ले गया, जहां उसने उसकी हत्या कर दी और शव को दफना दिया, ताकि कोई सबूत न मिले। हालांकि, कुछ दिनों बाद जब कंकाल मिला और जांच तेज हुई तो यह राज सामने आ गया।