पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार के बांका जिले में एक युवती की गाँव वालों ने जबरदस्ती प्रेमी के दोस्त से शादी करा देने का मामला सामने आया है। दरअसल लड़की से मिलने के लिए आया था प्रेमी ग्रामीणों का शोर सुनकर वो भाग जिसके बाद प्रेमी के साथ आए युवक को ही ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने प्रेमी के दोस्त के साथ युवती की जबरन शादी करा दी।
बिहार के बांका जिले में बोकनमा गांव में रविवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना घट गई। एक युवक यहां अपनी प्रमिका से मिलने के लिए आया हुआ था, लेकिन ग्रामीणों को पता चलने के बाद युवक मौके से फरार हो गया। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रेमी के साथ आए उसके दोस्त को ही पकड़ लिया और जबरन युवती से शादी करा दी।
बांका थाना क्षेत्र के चोराकोल निवासी कुंदन यादव का बोकनमा गांव की यशोदा कुमारी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुंदन ने यशोदा को एक महंगा मोबाइल फोन भेंट किया। जब यह बात यशोदा के भाई संजय यादव को पता चली, तो उन्होंने बहन से पूछताछ की। पूछताछ में प्रेम संबंध की बात सामने आई। रविवार रात करीब ढाई बजे कुंदन अपने दोस्त फूलो कुमार और चचेरे भाई पंकज कुमार के साथ यशोदा से मिलने बोकनमा गांव पहुंचा। कुंदन तो युवती से मिलने बहियार चला गया, जबकि फूलो और पंकज मंदिर के पास इंतजार कर रहे थे।
इसी दौरान एक ग्रामीण ने दोनों को संदिग्ध स्थिति में देखा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर कुंदन वहां से फरार हो गया, लेकिन फूलो और पंकज को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। सोमवार सुबह पंकज भी ग्रामीणों को चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद गांव के लोगों और युवती के परिजनों ने मिलकर फूलो कुमार की यशोदा कुमारी से शादी करा दी। बताया जा रहा है कि दोनों का कोर्ट मैरिज भी बांका न्यायालय में संपन्न करा दिया गया है। गांव वालों का कहना है कि लड़की की इज्जत की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया। वहीं, इस घटनाक्रम ने सामाजिक स्तर पर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।