पहलगाम आतंकी हमला: स्वर्ग बनी घाटी में मौत का कहर, 28 लोगों की जान गई

By: PalPal India News
April 23, 2025

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। बैसरण घाटी में हुए इस हमले में अब तक 28 निर्दोष नागरिकों की मौत हो चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या में पर्यटक शामिल हैं। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद नागरिकों पर हुआ सबसे भयानक हमला बताया जा रहा है। बैसरण, जो पहलगाम से करीब 5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक हरी-भरी घाटी है, वहां सुबह के समय देश के अलग-अलग हिस्सों – खासकर कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात – से आए पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे थे। तभी अचानक आतंकियों ने गोलियों की बौछार शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख, गृह मंत्री पहुंचे श्रीनगर
घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से बात की और तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अमित शाह श्रीनगर पहुंचे और राजभवन में उच्च स्तरीय बैठक कर हालात की समीक्षा की। बैठक में जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीजी नलिन प्रभात, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, गृह सचिव गोविंद मोहन और खुफिया प्रमुख तपन डेका भी शामिल हुए।

‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ ने ली जिम्मेदारी
इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन “द रेजिस्टेंस फ्रंट” (TRF) ने ली है। यह समूह पहले भी कई बार घाटी में आतंकी गतिविधियों को अंजाम दे चुका है। सुरक्षा एजेंसियों की निगाह पहले से इस समूह पर थी, लेकिन इस हमले ने उसकी सक्रियता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हमले की निंदा करते हुए इसे हाल के वर्षों में नागरिकों पर हुआ सबसे घातक हमला करार दिया। उन्होंने बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

इस हमले के बाद मुंबई समेत देश के अन्य प्रमुख शहरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और सार्वजनिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुणे के दो पर्यटक भी इस हमले में घायल हुए हैं, जिन्हें गोली लगी है। सुप्रिया सुले ने राज्य और केंद्र सरकार से उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सहायता देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *