94% तक कोलेस्ट्रॉल घटाने वाली दवा तैयार, जल्द आ सकती है बाजार में

By: PalPal India News
April 24, 2025

कोलेस्ट्रॉल से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर है। अमेरिकी दवा कंपनी एली लिली ने एक ऐसी दवा विकसित की है, जो खून की धमनियों में जमा खतरनाक Lp(a) कोलेस्ट्रॉल को 94% तक कम करने में सक्षम है। खास बात यह है कि यह दवा उन मामलों में भी असरदार हो सकती है, जहां अब तक दवाएं बेअसर थीं और स्टेंट डालने की नौबत आ जाती थी।

क्या है Lp(a) और क्यों है खतरनाक?
Lp(a) यानी लाइपोप्रोटीन(a), एक तरह का लो-डेंसिटी कोलेस्ट्रॉल (LDL) होता है, लेकिन यह ज्यादा तेजी से धमनियों में चिपकता है। इससे एथेरोस्क्लेरोसिस (धमनियों का संकुचित होना) जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो सकती हैं और हार्ट अटैक का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। Lp(a) का स्तर जेनेटिक होता है और आमतौर पर अब तक कोई दवा इसे नियंत्रित करने में सफल नहीं रही।

ट्रायल में मिली जबरदस्त सफलता
एली लिली द्वारा की गई रिसर्च में 141 लोगों को शामिल किया गया। इनमें से कुछ को 400 एमजी का एक इंजेक्शन दिया गया, जबकि अन्य को प्लेसीबो (नकली दवा)। नतीजे बेहद चौंकाने वाले रहे – सिर्फ एक डोज़ से ही 94% तक कोलेस्ट्रॉल में गिरावट देखी गई। इस इंजेक्शन का असर लगभग 6 महीने तक बना रहा और कोई साइड इफेक्ट सामने नहीं आया।

अगला कदम: बड़े पैमाने पर परीक्षण
हालांकि शुरुआती नतीजे उत्साहजनक हैं, लेकिन वैज्ञानिक अभी यह स्पष्ट नहीं कह रहे कि इससे दिल के दौरे का जोखिम सीधे तौर पर कम होगा या नहीं। अब इस दवा का बड़ा क्लीनिकल ट्रायल शुरू हो चुका है, जिसके परिणामों का बेसब्री से इंतजार है। यह रिसर्च अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी जर्नल में प्रकाशित हुई है।

भारत में विशेषज्ञों की प्रतिक्रिया
फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट, दिल्ली के प्रिंसिपल डायरेक्टर कहा,
“यह खोज बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि अभी तक कोई भी दवा Lp(a) को प्रभावी रूप से कम नहीं कर पाई है। यहां तक कि ब्लड थिनर भी इसमें काम नहीं करते। अगर यह दवा सफल रही, तो हार्ट पेशेंट्स के लिए एक नई उम्मीद बनेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *