नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का सुरक्षाबलों ने अब सख्त जवाब दिया है। इस हमले में शामिल स्थानीय आतंकी आदिल हुसैन थोकर के अनंतनाग स्थित घर को बम से उड़ा दिया गया, वहीं उसके सहयोगी आसिफ शेख का त्राल में स्थित घर बुलडोजर से गिरा दिया गया। सैन्य सूत्रों के अनुसार, आदिल हुसैन उर्फ आदिल गुरी ने 2018 में वैध तरीके से पाकिस्तान की यात्रा की थी, जहां उसने आतंकवादी प्रशिक्षण लिया। वह पिछले साल घाटी लौटा और पाकिस्तानी आतंकियों के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया।
22 अप्रैल को लश्कर-ए-तैयबा के चार आतंकियों ने बैसरन घाटी में हिंदू श्रद्धालुओं और पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। ये आतंकी AK-47 राइफल, स्टील टिप बुलेट और बॉडी कैमरों से लैस थे। इस हमले में 26 निर्दोष लोग मारे गए, जिनमें अधिकतर देशभर से आए पर्यटक थे। इस कार्रवाई के जरिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि आतंकवाद और उसके समर्थकों को बख्शा नहीं जाएगा। आतंकियों के घरों को जमींदोज कर प्रशासन ने यह दिखाया कि अब आतंक की जड़ों पर सीधा प्रहार होगा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
सुरक्षाबलों द्वारा की गई इस कार्रवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। ये वीडियो न सिर्फ आतंकियों को चेतावनी हैं, बल्कि उन सभी के लिए सबक हैं जो किसी भी रूप में आतंकवाद को समर्थन देते हैं।