दिल्ली: गर्मी का कहर, 42.1 डिग्री तापमान के साथ शनिवार बना सीजन का सबसे गर्म दिन

By: PalPal India News
April 27, 2025

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में शनिवार को गर्मी ने अपना कहर बरपाया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अप्रैल महीने में 2022 के बाद सबसे अधिक है। याद दिला दें, अप्रैल 2022 में तापमान 43.5 डिग्री तक पहुंचा था। शनिवार को न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.1 डिग्री कम था। दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया, हालांकि आर्द्रता का स्तर 15% से 35% के बीच रहा जिससे थोड़ी राहत मिली।

आईएमडी ने रविवार के लिए भी अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान जताया है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा, लेकिन लू से राहत की उम्मीद फिलहाल नहीं है। मौसम विभाग ने राजधानी में भीषण गर्मी को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 30 अप्रैल तक हीटवेव जैसे हालात बने रहने की संभावना है। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से तापमान में और इजाफा हो सकता है, जो 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *