परेश रावल का हैरान कर देने वाला खुलासा: पेशाब पीकर की थी पैर की चोट की इलाज

By: PalPal India News
April 28, 2025

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता परेश रावल का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक चौंकाने वाला किस्सा साझा करते नजर आ रहे हैं। परेश रावल ने खुलासा किया कि एक बार उन्होंने अपने टूटे हुए पैर का इलाज खुद का पेशाब पीकर किया था, जिससे डॉक्टर भी हैरान रह गए थे। ‘The Lallantop’ की रिपोर्ट के अनुसार, यह वाकया उस समय का है जब वह हैदराबाद में राम गोपाल वर्मा के लिए शूटिंग कर रहे थे और साथ ही सरदार पटेल का किरदार निभाने के लिए 24 किलो वजन भी घटा रहे थे।

इसी दौरान उन्हें मुंबई लौटना पड़ा, क्योंकि उनकी पत्नी स्वरूप संपत ब्रीच कैंडी अस्पताल में थीं और उनके दूसरे बेटे के जन्म की घड़ी नजदीक थी। मुंबई पहुंचने के बाद एक दिन वह राजकुमार संतोषी की फिल्म ‘घातक’ की शूटिंग के लिए फिश मार्केट गए। शूटिंग के दौरान, एक सीन में राकेश पांडे द्वारा घसीटे जाने के दौरान फिसलन भरी ज़मीन पर उनका संतुलन बिगड़ गया और वह घुटनों के बल गिर पड़े। इसके बाद उन्हें नानावटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लंबा इलाज बताया।

वीरू देवगन ने दिया अनोखा घरेलू नुस्खा

अस्पताल में उस वक्त अजय देवगन के पिता और मशहूर ऐक्शन डायरेक्टर वीरू देवगन भी मौजूद थे। जब उन्हें परेश के गिरने की खबर मिली, तो उन्होंने परेश को मिलने के बाद एक खास सलाह दी। वीरू देवगन ने कहा, “सुबह उठकर अपना पहला यूरिन पीना। सारे फाइटर यही करते हैं, इससे तकलीफ कम होगी और जल्दी रिकवरी होगी। बस रात को शराब मत पीना।”

‘बियर की तरह धीरे-धीरे पिया’

परेश रावल ने वीरू देवगन की सलाह मानी और लगातार 15 दिनों तक हर सुबह उठते ही अपना पहला पेशाब पिया। परेश ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्होंने पेशाब को बियर की तरह धीरे-धीरे पीया। नतीजा चौंकाने वाला था — जिस हड्डी के जुड़ने में ढाई महीने का वक्त लगने वाला था, वह महज डेढ़ महीने में ठीक हो गई। परेश ने बताया कि इस घरेलू उपाय की वजह से वह जल्दी सेट पर लौट आए और दोबारा शूटिंग शुरू कर सके। इस किस्से को सुनकर शो में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए और यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *