नई दिल्ली. भारत सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल्स पर बैन लगा दिया है. यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की सिफारिश पर की गई है. इन चैनलों पर भारत, भारतीय सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ और भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप है. खासतौर पर जम्मू-कश्मीर के पाहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद इन चैनलों की गतिविधियां और ज्यादा संदिग्ध पाई गई थीं. बता दें कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पाहलगाम में एक दर्दनाक आतंकी हमला हुआ था, जिसमें कम से कम 26 निर्दोष टूरिस्टों की जान चली गई थी.
इस घटना के बाद पाकिस्तान के कुछ यूट्यूब चैनल्स ने भारत के खिलाफ झूठी खबरें फैलानी शुरू कर दी थीं. इसी को देखते हुए भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए ये बैन लगाया है.
जिन बड़े पाकिस्तानी चैनलों पर बैन लगाया गया है, उनमें डॉन न्यूज़ (Dawn News), समा टीवी (Samaa TV), ऐरी न्यूज (Ary News) और जियो न्यूज (Geo News) जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इन चैनलों पर आरोप है कि इन्होंने जानबूझकर ऐसा कंटेंट फैलाया जो नफरत फैलाने वाला था और भारत की छवि को नुकसान पहुंचा सकता था.
सरकारी सूत्रों के अनुसार, इन चैनलों ने भारत की सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ गलत जानकारियां फैलाईं और जनता को गुमराह करने की कोशिश की. इससे देश की आंतरिक सुरक्षा को खतरा हो सकता था. इसी वजह से बिना कोई देरी किए, इन्हें ब्लॉक करने का फैसला लिया गया. सरकार का कहना है कि देश की अखंडता, शांति और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. इस फैसले से ये भी साफ हो गया है कि भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के मामले में किसी तरह की कोताही नहीं बरतेगा. सरकार का संदेश साफ है कि देश के खिलाफ झूठी खबरें फैलाने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी, चाहे वे देश के अंदर हों या बाहर.