पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्य प्रदेश के सतना जिले में थाने में घुसकर आरोपी ने हेड कांस्टेबल को गोली मार दी। इस घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गया। देर रात लगभग 12 बजे एक बदमाश ने खाना खाने बैठे प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी वहां से भाग। आरक्षक को आनन-फानन में सतना जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया है।
हेड कांस्टेबल की हालत गंभीर
हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रिंस गर्ग पर स्थानीय बदमाश अच्छू उर्फ आदर्श गौतम निवासी मेहंती थाना जैतवारा ने गोली चलाई है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।
बताया जा रहा है की वे रात को अपनी ड्यूटी से फुरसत होने के बाद खाना खा रहे थे, तभी कमरे के बाहर से आवाज आई। उन्होंने आवाज की ओर देखा तो सामने मुंह बांधे एक युवक खड़ा था। इससे पहले गर्ग कुछ समझ पाते युवक ने कट्टे से उन पर फायर कर दिया। गोली उनके कंधे के पास लगी। गोली लगते ही युवक मौके से भाग खड़ा हुआ।