पलपल इंडिया प्रतिनिधि। विजय नगर के नेमा हार्ट हॉस्पिटल की पांचवी मंजिल में अचानक आग लग गई. पांचवी मंजिल में लगी होर्डिंग अचानक जलने लगी. आग की ऊंची ऊंची लपटें उठने लगी जिससे लोग दहशत में आ गए. अस्पताल के अंदर तीसरी और चौथी मंजिल में आईसीयू यूनिट में इलाज के लिए तीन मरीजों को भर्ती किया गया था अस्पताल के मेडिकल स्टाफ ने तीनों मरीजों को चादर में लपेटकर सीढ़ियों से नीचे उतारा और उनकी जान बचाई. अस्पताल की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी इस वजह से लिफ्ट का उपयोग नहीं किया जा सका और ना ही इमरजेंसी दरवाजे का उपयोग किया गया जिससे मरीजों की जान का खतरा बढ़ गया. हालांकि आग पांचवी मंजिल से नीचे तक नहीं फैली थी लेकिन पूरे अस्पताल में धुआं भर गया था इस वजह से पूरे अस्पताल में दहशत का माहौल बन गया और सभी लोग बाहर की तरफ भागने लगे.
इधर अस्पताल के कर्मचारियों ने पांचवी मंजिल में लगी आग को पानी डालकर काबू में किया गया. हालांकि सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी और एक बड़ा हादसा टल गया. अस्पताल प्रबंधन ने अपने तीनों मरीजों को दूसरे निजी अस्पताल में शिफ्ट कर दिया है और आग लगने की वजह तलाश की जा रही है. माना जा रहा है कि अस्पताल के सामने से एक बारात गुजर रही थी और उसकी आतिशबाजी की वजह से अस्पताल की पांचवी मंजिल में आग भड़की है फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है अस्पताल में फायर एनओसी नहीं थी जिसे कुछ दिन पहले नोटिस देख बंद करने के निर्देश दिए थे अब देखना होगा आगे क्या कार्रवाई होगी