विश्व प्रसिद्ध ‘दिल्ली हाट बाजार’ में बुधवार को लगी भयानक आग, 30 दुकानें जलकर हुई खाक

By: PalPal India News
May 1, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। दिल्ली में स्थित प्रसिद्ध ‘दिल्ली हाट बाजार’ में बुधवार को भयानक आग लग गई आग लगने से 30 दुकानें जलकर खाक हो गई हैं। हालांकि, एक अच्छी बात ये रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। दिल्ली फायर सर्विसेज की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, आग पर काबू पा लिया गया है। जानकारी के मुताबिक आग को बुझाने के लिए दमकल की 14 गाड़ियां मौके पर पहुंची।

पुलिस ने क्या बताया?

जानकरी के मुताबिक “30 अप्रैल को रात करीब 8:45 बजे दिल्ली हाट में आग लगने की सूचना पीएस सरोजिनी नगर को पीसीआर कॉल पर मिली। कॉल मिलते ही SHO पुलिस स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और पाया कि दिल्ली हाट के स्टेज एरिया में स्थित करीब 24 टेंडर की दुकानों में आग लग गई थी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है। शुरुआती आकलन के मुताबिक आग में 24 दुकानें जलकर खाक हो गई हैं। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है।

दुकानों के नुकसान का मुआवजा मिलेगा- कपिल मिश्रा

दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा- “जैसे ही मुझे आग की घटना के बारे में पता चला, मैं यहां पहुंचा… करीब 26 दुकानें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गई हैं। कारीगरों और इन दुकानों को चलाने वालों को नुकसान हुआ है। मैंने अपने अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने को कहा है। लेकिन मैं यह कहना चाहूंगा कि हम किसी भी कारीगर को कोई नुकसान नहीं होने देंगे। सरकार उनके साथ खड़ी है। आग के कारणों की जांच की जाएगी… दुकानों के नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा। यह हमारी जिम्मेदारी है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता यह जिम्मेदारी उठाएंगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *