नई दिल्ली। कर्नाटक के हावेरी जिले में एक सरकारी बस चालक द्वारा नमाज पढ़ने के लिए बीच रास्ते में बस रोकने का मामला सामने आया है। यह घटना 30 अप्रैल 2025 को हुई, जब शफीउल्ला नदाफ नामक चालक ने यात्रियों से भरी KSRTC बस को हुबली-हावेरी मार्ग पर सड़क किनारे रोक दिया और नमाज अदा की। इस दौरान यात्री बस के भीतर इंतजार करते रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।
यात्रियों ने जताई नाराज़गी
वीडियो में चालक को सड़क किनारे नमाज पढ़ते हुए देखा जा सकता है, जबकि कुछ यात्री समय की बर्बादी को लेकर नाराज़ नजर आए। हालांकि चालक ने नमाज पूरी करने के बाद ही बस को आगे बढ़ाया। इस घटनाक्रम ने यात्रियों की सुरक्षा और समयबद्धता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंत्री ने NWKRTC को सौंपी जांच की जिम्मेदारी
मामले के सार्वजनिक होने के बाद कर्नाटक के परिवहन और मुजराई मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने इस पर संज्ञान लिया है। उन्होंने उत्तर पश्चिम कर्नाटक सड़क परिवहन निगम (NWKRTC) के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर तुरंत जांच के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि सरकारी सेवाओं में लगे कर्मचारियों को तय नियमों का पालन करना चाहिए और ड्यूटी के दौरान धार्मिक गतिविधियों के लिए यात्रियों को असुविधा में डालना उचित नहीं है।
सख्त कार्रवाई के संकेत
मंत्री ने जांच पूरी कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने को कहा है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। KSRTC अधिकारियों ने बताया कि जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।