अजमेर के होटल नाज में भीषण आग, चार लोगों की जलकर दर्दनाक मौत

By: PalPal India News
May 1, 2025

जयपुर। राजस्थान के अजमेर जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। डिग्गी बाजार स्थित होटल नाज में सुबह करीब 7 बजे अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है हादसे के दौरान कई लोग होटल में फंसे हुए थे। इस बीच एक मां ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी मासूम बच्ची को खिड़की से नीचे फेंक दिया, जिससे बच्ची की जान बच गई। वहीं, कई अन्य लोग खिड़कियों के शीशे तोड़कर नीचे कूदे और अपनी जान बचाई। हादसे में कई लोग झुलस गए हैं, जिन्हें जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दमकल की गाड़ियां और पुलिस टीम आग बुझाने में जुटी नजर आ रही है। संकरे रास्तों के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अजमेर के जिला कलेक्टर लोकबंधु ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तीन शवों को अस्पताल लाया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ के नेतृत्व में राहत कार्य अब भी जारी है। रेस्क्यू के दौरान कुछ दमकलकर्मियों और पुलिसकर्मियों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *