मुंबई इंडियंस की टीम ने राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से हरा दिया

By: PalPal India News
May 2, 2025

नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स आईपीएल प्लेऑफ से बाहर होने वाली दूसरी टीम बन गई है. मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को राजस्थान रॉयल्स को बड़ी आसानी से 100 रन से हरा दिया. यह उसकी लगातार छठी जीत है. मुंबई इंडियंस ने इसके साथ ही प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. वह अब पॉइंट टेबल में पहले नंबर पर है. दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स की उम्मीदें नेस्तनाबूद हो गई हैं. यह राजस्थान रॉयल्स की 11 मैचों में आठवीं हार है. राजस्थान रॉयल्स से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स भी प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है. चेन्नई की टीम भी 8 मैच हार चुकी है.

आईपीएल 2025 में गुरुवार को मुंबई इंडियंस का सामना राजस्थान रॉयल्स से हुआ. यह मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया. राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी लेकिन यह फैसला टीम को उल्टा पड़ गया. मुंबई इंडियंस ने महज 2 विकेट खोकर 217 रन बना दिए. राजस्थान रॉयल्स की टीम इसके जवाब में 117 रन बनाकर ढेर हो गई.

217 रन सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर भी है. वैसे, यह दूसरा मौका है जब इस मैदान पर किसी टीम ने 217 रन बनाए हैं. सनराइजर्स हैदराबाद 2023 में इस मैदान पर 217 रन का स्कोर खड़ा कर चुकी है.

मुंबई इंडियंस के लिए इस मुकाबले में सभी बैटर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन किया. रियान रिकल्टन ने 38 गेंद में 61 रन बनाए तो रोहित शर्मा ने 36 गेंद में 53 रन की पारी खेली. कप्तान हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव 23-23 गेंद में 48-48 रन बनाकर नाबाद रहे. यह आईपीएल में सिर्फ दूसरा मौका है जब किसी टीम के टॉप-4 के सभी बैटर्स ने 40 से ज्यादा रन बनाए हैं. इससे पहले 2011 में चेन्नई सुपरकिंग्स के बैटर्स ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ ही यह कारनामा किया था.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की टीम महज 16.1 ओवर में 117 रन बनाकर आउट हो गई. उसकी ओर से इंग्लैंड के पेसर जोफ्रा आर्चर ने सबसे अधिक 30 रन बनाए. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस टीम का प्रदर्शन कितना खराब रहा. जोफ्रा आर्चर के अलावा राजस्थान रॉयल्स का एक भी बैटर 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका. कप्तान रियान पराग (16) टीम के दूसरे टॉप स्कोरर रहे. शुभम दुबे ने 15, यशस्वी जायसवाल ने 13 और ध्रुव जुरेल ने 11 रन बनाए.

राजस्थान रॉयल्स के ओपनर वैभव सूर्यवंशी इस मैच में खाता भी नहीं खोल पाए. दीपक चाहर ने उन्हें अपने पहले ही ओवर में चलता कर दिया. यह मैच का भी पहला ओवर था. यह पहला मौका है जब वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में बिना खाता खोले आउट हुए हैं. उन्होंने पिछले मैच में शतक बनाया था. मुंबई इंडियंस के लिए इस मैच में सबसे अधिक 3 विकेट ट्रेंट बोल्ट ने झटके. जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *