पलपल इंडिया प्रतिनिधि। यूपी के गाजीपुर जिले के सैदपुर में शुक्रवार दोपहर को उस वक्त हड़कंप मच गया जब सैदपुर-चंदौली को जोड़ने वाली गंगा पर बने रामकरण सेतु से दो युवतियों ने नदी में छलांग लगा दी। दोनों बहनों ने एक साथ गंगा नदी में छलांग लगाई थी। एक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरी की जान बचा ली गई। इस रेस्क्यू में सबसे अहम भूमिका निभाई कस्बा चौकी इंचार्ज मनोज पाण्डेय ने। उन्होंने एक युवती को गंभीर अवस्था में गोद में उठाकर दौड़ते हुए सैदपुर सीएचसी पहुंचाया। मृतका की पहचान चंदौली जिले के मोलनापुर गांव की 18 वर्षीय सोनी यादव के रूप में हुई है।
नाविकों ने पहले चंचल यादव को बाहर निकाला, लेकिन उसे मृत समझकर किनारे पर रख दिया और सोनी की तलाश में जुट गए। इस दौरान कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मनोज पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने चंचल के शरीर में थोड़ी सी हरकत देखी और उसे तुरंत गोद में उठाकर अस्पताल की ओर दौड़े। रास्ते में रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर भी उन्होंने हार नहीं मानी और चंचल को दूसरी ओर मौजूद पुलिसकर्मी को सौंपकर उपचार के लिए भेजा। सोशल मीडिया पर दरोगा मनोज पाण्डेय की दौड़ती हुई तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और क्षेत्र में उनकी बहादुरी की खूब चर्चा हो रही है।