नई दिल्ली. दक्षिण अमेरिका के तटीय इलाकों में शुक्रवार को तेज़ भूकंप के झटकों ने दहशत फैला दी। अर्जेंटीना के दक्षिणी हिस्से में रिक्टर स्केल पर 7.4 की तीव्रता वाला शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया, जिसके तुरंत बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, यह भूकंप 12:58:26 UTC पर आया और इसका केंद्र ड्रेक पैसेज में था, जो उशुआइया शहर से लगभग 219 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। उशुआइया अर्जेंटीना के सबसे दक्षिणी छोर पर बसा हुआ शहर है, जिसे दुनिया के अंतिम छोरों में गिना जाता है।
भूकंप के बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली ने आगाह किया कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर के दायरे में, विशेषकर दक्षिणी अर्जेंटीना और चिली के तटीय क्षेत्रों में, खतरनाक समुद्री लहरें उठ सकती हैं। Puerto Williams (चिली) में संभावित सुनामी लहरें 18:55 UTC पर पहुंचने की संभावना जताई गई है। विशेषज्ञों ने चेताया है कि पहली लहर के बाद आने वाली लहरें अधिक विनाशकारी हो सकती हैं।
सुनामी अलर्ट जारी होते ही स्थानीय प्रशासन ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को समुद्र तट खाली कर ऊंचाई की ओर जाने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें Puerto Williams में चेतावनी सायरन बजते और लोग तेजी से सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं।