पहलगाम हमले पर मंत्री का बयान: “अनुमति मिले तो पाकिस्तान जाकर जवाब देने को तैयार”

By: PalPal India News
May 3, 2025

नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद देशभर में आक्रोश है और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया है। इस बीच कर्नाटक के आवास और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री बी. ज़मीर अहमद खान का एक तीखा बयान सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने कहा है कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह अनुमति दें, तो वे पाकिस्तान जाकर आतंकियों को करारा जवाब देने को तैयार हैं।

शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ज़मीर अहमद खान ने कहा, “हम भारतीय हैं, और देश की सुरक्षा के लिए जान देने को तैयार हैं। अगर केंद्र सरकार मुझे इजाज़त दे, तो मैं खुद सीमा पार जाकर पाकिस्तान में मौजूद आतंक के ठिकानों को खत्म करने को तैयार हूं।”

उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान हमेशा से भारत का दुश्मन रहा है और अब समय आ गया है कि उसे माकूल जवाब दिया जाए। मंत्री ने पहलगाम हमले को कायराना और अमानवीय करार देते हुए इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे और आतंक के खिलाफ कठोर कदम उठाए।

ज़मीर अहमद खान के बयान को लेकर सोशल मीडिया पर मिलीजुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग उनके देशभक्ति भरे जज़्बे की सराहना कर रहे हैं, तो कुछ इसे भावनात्मक प्रतिक्रिया मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *