BJP प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा पंचतत्व में विलीन, अंतिम संस्कार में पहुंचे CM मोहन यादव

By: PalPal India News
May 3, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह 11 बजे इंदौर के रीजनल पार्क मुक्तिधाम में हुआ। आपको बता दे नरेंद्र सलूजा का निधन 30 अप्रैल को कार्डियक अरेस्ट से हो गया था। लेकिन उनकी बेटी अमेरिका में पढ़ाई कर रही है और उसकी वापसी में समय लगने के कारण अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया। सलूजा को उनके बेटे मीत ने मुखाग्नि दी।

CM मोहन यादव पहुंचे इंदौर

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज दिवंगत प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा के इंदौर स्थित घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम मोहन, सलूजा के रानीबाग स्थित घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद उनके शोकसंतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। यादव ने कहा,‘‘सलूजा सिद्धांतों की राजनीति करते थे। वह पूरी निष्ठा के साथ भाजपा के लिए काम करते थे। उनके निधन से हम स्तब्ध हैं।’’ सलूजा के निधन पर सूबे के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत भाजपा और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने शोक जताया है।

शादी समारोह से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत

भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि सलूजा भोपाल के पास सीहोर में मंगलवार को एक शादी समारोह में शामिल हुए थे और बुधवार को ही इंदौर स्थित घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद खाना खाकर आराम करने गए, लेकिन कुछ देर बाद घबराहट और उल्टी शुरू हो गई। परिवार उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सलूजा के शोक में डूबे उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *