पहलगाम घटना के विरोध में आक्रोश रैली के दौरान टिकैत के साथ ‘हाथापाई’

By: PalPal India News
May 4, 2025

मुजफ्फरनगर. पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में निकाली गई आक्रोश रैली के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत के साथ हाथापाई की घटना के बाद भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने शनिवार को आपात पंचायत बुलाने का निर्णय लिया है। भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने बताया कि यह पंचायत जीआईसी मैदान में आयोजित की जाएगी, जिसमें घटना की विस्तृत चर्चा की जाएगी।

नरेश टिकैत ने इस घटना को “राजनीतिक साजिश” बताते हुए आरोप लगाया कि यह किसान आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास था। उन्होंने कहा, “यह अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी चाल थी जिसे एक राजनीतिक दल ने रचा था।”

घटना को लेकर भाकियू के जिला अध्यक्ष नवीन राठी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (नगर) सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। हाथापाई में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है।

घटना शुक्रवार शाम उस समय हुई जब राकेश टिकैत व्यापारी संगठनों और हिंदू कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित विरोध रैली में शामिल हुए थे। उनकी मौजूदगी को लेकर कुछ लोगों ने विरोध जताया और उन्हें मंच से संबोधन करने से रोका। माहौल बिगड़ने पर टिकैत को कार्यक्रम स्थल से रवाना होना पड़ा। इसी दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की हुई और उनकी पगड़ी नीचे गिर गई।

रैली के बाद पत्रकारों से बातचीत में राकेश टिकैत ने इस घटना को किसान आंदोलन को दबाने की साजिश बताया। उन्होंने दावा किया कि कुछ युवकों को जानबूझकर भेजा गया था और उनमें से कई शराब के नशे में थे।

घटना से नाराज भाकियू ने अब पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में ट्रैक्टर मार्च निकालने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *