पाकिस्तानी युवती से गुपचुप शादी कर फंसा CRPF जवान, सेवा से बर्खास्त

By: PalPal India News
May 4, 2025

नई दिल्ली. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने अपने एक जवान को पाकिस्तान की युवती से शादी करने और उससे जुड़ी जानकारी छिपाने के आरोप में सेवा से तत्काल बर्खास्त कर दिया है। जवान की पहचान मुनीर अहमद के रूप में हुई है, जो जम्मू-कश्मीर में तैनात था। CRPF ने इस कार्रवाई को बल के नियमों का गंभीर उल्लंघन और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मुनीर अहमद ने मई 2024 में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की रहने वाली मीनल खान से ऑनलाइन संपर्क के बाद निकाह कर लिया था। दोनों की पहचान इंटरनेट के जरिए हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया।

मार्च 2025 में मीनल खान को भारत का वीजा मिला और वह जम्मू पहुंच गईं। हालांकि, उनका वीजा 22 मार्च को समाप्त हो गया, लेकिन इसके बावजूद वह भारत में अवैध रूप से रुकी रहीं। CRPF की आंतरिक जांच में सामने आया कि मुनीर ने न केवल शादी की जानकारी अधिकारियों से छिपाई, बल्कि पत्नी की वीजा समाप्ति के बाद भी उसे भारत में रहने में सहयोग किया।

बल के मुताबिक, यह आचरण न केवल सेवा नियमों के खिलाफ है, बल्कि जवान की संवेदनशील तैनाती को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी बेहद गंभीर माना गया। ऐसे मामलों में पारदर्शिता और विश्वास आवश्यक है, और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

CRPF ने यह भी संकेत दिया है कि भविष्य में ऐसे मामलों की कड़ी निगरानी और जांच की जाएगी, ताकि कोई भी सुरक्षा बल कर्मी किसी संदिग्ध या अवैध गतिविधि में शामिल न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *