पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार के हाजीपुर में शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया। जब एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। मृतक सोनू कुमार दुल्हन का सगा भाई था। घर पर शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। सोनू अपने दोस्तों के साथ बहन की शादी के लिए जरूरी सामान खरीदने बाजार जा रहा था,
दरअसल, यह दुखद घटना हाजीपुर के चांदपुर गांव की है, जहां शादी के जश्न में डूबे परिवार के बेटे के साथ उसके चचेरे भाई और दोस्त तीनों बीती रात घर से दही खरीदने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि वे पूजा देखने भी जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
डोली उठने से पहले उठी अर्थी
बहन की शादी से पहले ही तीनों भाइयों की अर्थी उठ गई, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया। चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। उन्होंने तीनों युवकों के शवों को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग 122B को जाम कर दिया। टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए और उन्होंने सड़क खाली की। इसके बाद तीनों युवकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।