नई दिल्ली. अमरनाथ यात्रा 2025 से पहले बाबा बर्फानी के दिव्य रूप की पहली तस्वीर सामने आ चुकी है, जिससे श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह की लहर दौड़ गई है। घर बैठे ही भक्त अब भोलेनाथ के अलौकिक दर्शन कर सकते हैं।
कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा से आई इस तस्वीर में बर्फ से निर्मित स्वयंभू शिवलिंग लगभग 7 फीट ऊंचा दिखाई दे रहा है। शिवलिंग का यह दिव्य और शांत स्वरूप भक्तों के मन को भावविभोर कर रहा है। यह दृश्य हर साल की तरह इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
3 जुलाई से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा- अमरनाथ यात्रा की शुरुआत इस वर्ष 3 जुलाई से होगी और यह 9 अगस्त तक चलेगी। कुल 38 दिनों की इस यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
जोरों पर हैं तैयारियां, सुरक्षा चाक-चौबंद- श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बालटाल और पहलगाम मार्गों पर बर्फ हटाने का काम तेज़ी से चल रहा है। हालिया पहलगाम हमले को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। अब तक 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण कर चुके हैं, जो इस यात्रा के प्रति भक्तों की आस्था और श्रद्धा को दर्शाता है।