गुजरात में तेज़’ आंधी, तूफान बिजली और बारिश के चलते 14 लोगों की मौत, सात मई तक गुजरात में तेज हवा और बारिश की सम्भावना

By: PalPal India News
May 6, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिगुजरात में तेज़’ आंधी, तूफान बिजली गिरने और बारिश के चलते 14 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को आंधी-तूफान से हुए नुकसान की जानकारी दी। गुजरात में अभी भी तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार सात मई तक गुजरात में भारी बारिश और तेज हवाओं का कहर जारी रहेगा।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, गुजरात के 253 तालुकों में से 168 में सोमवार को असमय बारिश हुई। खेड़ा, गांधीनगर, मेहसाणा और वडोदरा जिलों में 25 से 40 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई।

बारिश से जुड़ी घटनाओं में 13 लोगों की मौत

सोमवार को अहमदाबाद, आनंद, खेड़ा, दाहोद, अरावली और वडोदरा जिलों में बारिश से संबंधित घटनाओं में 13 लोगों की मौत हुई, जबकि रविवार को अहमदाबाद के विरमगाम क्षेत्र में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। तेज हवाओं के चलते कई जिलों में पेड़, होर्डिंग और बिजली के खंभे गिर गए वहीं कुछ घर भी ढह गए। इन घटनाओं में कई लोगों के घायल होने की खबर है। जबकि खेड़ा जिले में चार, वडोदरा में तीन, अहमदाबाद, दाहोद और अरावली में दो-दो तथा आनंद जिले में एक व्यक्ति की मौत हुई है। विभिन्न घटनाओं में चार लोगों की मौत पेड़ गिरने से जबकि दो की होर्डिंग गिरने से, दो लोगों की करंट लगने से, तीन की बिजली गिरने से और तीन अन्य की मौत मकान गिरने से हुई है।

अगले तीन दिनों में बनासकांठा, कच्छ, साबरकांठा, अरावली और आनंद जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। बारिश के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अगले कुछ दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *