नई दिल्ली. पहल्गाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंक के खिलाफ अपनी नीति को और सख्त करते हुए मंगलवार देर रात एक बड़ी सैन्य कार्रवाई की। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम से चलाए गए इस संयुक्त अभियान में थलसेना, वायुसेना और नौसेना की समन्वित ताकत के साथ पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया गया।
यह ऑपरेशन रात करीब 1:30 बजे शुरू हुआ और इसका मुख्य उद्देश्य आतंकी लॉन्चपैड्स और हथियारों के भंडार को पूरी तरह खत्म करना था। जिन ठिकानों पर कार्रवाई की गई:
इन इलाकों को लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठनों के प्रमुख अड्डे माना जाता है। एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की सेना की ओर से बयान जारी कर कहा गया कि 6 स्थानों पर 24 हमले हुए, जिनमें 8 लोगों की मौत और 33 घायल हुए हैं। हालांकि, रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान सच्चाई छिपा रहा है और वास्तविक क्षति की जानकारी दुनिया से छिपाई जा रही है।
सुरक्षा कारणों से एयर इंडिया और इंडिगो ने जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट से संचालित सभी उड़ानों को फिलहाल रद्द कर दिया है। एयरलाइंस ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय अगली सरकारी सूचना तक प्रभावी रहेगा।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने ‘X’ पर लिखा: ‘मैं हमारी रक्षा सेनाओं द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए लक्षित हमलों का स्वागत करता हूं। पाकिस्तानी डीप स्टेट को ऐसी सख्त सीख दी जानी चाहिए कि फिर कभी दूसरा पहलगाम न हो। पाकिस्तान के आतंक ढांचे को पूरी तरह नष्ट कर देना चाहिए। जय हिन्द!’
संभागीय आयुक्त जम्मू के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर की मौजूदा स्थिति को देखते हुए जम्मू, सांबा, कठुआ, राजौरी और पुंछ में सभी स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान आज बंद रहेंगे।